बिहार संवाददाता सिकंदर राय की रिपोर्ट
बिहार में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव केस मिला। खास बात यह है कि ये मरीज नालंदा जिला के बिहारशरीफ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदास्थापित डॉक्टर हैं। बिहार में किसी डॉक्टर के कोरोना संक्रमित होने का यह पहला मामला है। वैसे, संक्रमित डॉक्टर दुबई से लौटे कोरोना संक्रमित युवक के रिश्तेदार हैं। उधर, बक्सर में भी दो नए कोरोना मरीज मिले हैं।
इसके साथ बिहार में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 89 हो गया है। इनमें दो की मौत हो चुकी है। हालांकि, इलाज से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा भी राहत देने वाला है। अभी के 42 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
संक्रमित डॉक्टर के संपर्क में आए लोग क्वारंटाइन
बिहारशरीफ के सिविल सर्जन के अनुसार रविवार को मिले संक्रमित डॉक्टर के सम्पर्क में आए करीब 74-75 डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों व मरीजों को क्वारनटाइन किया जा रहा है। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
नालंदा के सिविल सर्जन भी खुद की जांच कराएंगे।
डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों की पड़ताल शुरु
डॉक्टर कां संक्रमण दुबई से बीते 22 मार्च को लौटे रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव युवक से लगा है। डॉक्टर 11 अप्रैल को उसके सम्पर्क में आए थे। संक्रमित डॉक्टर बिहारशरीफ सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी हैं। यह पीएचसी बिहारशरीफ सदर अस्पताल के प्रांगण में ही है। अब 11 अप्रैल को संक्रमण के बाद से अभी तक डॉक्टर के संपर्क में आए तमाम लोगों का पता लगाया जा रहा है।
बक्सर में भी मिले कोरोना के दो नए मामले
रविवार को मिले कोरोना के नए मरीजों में बक्सर के दो मामले भी शामिल हैं। बक्सर के एक युवक व एक युवती को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वे आसनसोल से आए कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में रहे थे। इसके साथ अब बक्सर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या चार हो गई है।
